---Advertisement---

मुख्य सचिव का हरिद्वार दौरा, घाटों से लेकर सड़कों तक क्या-क्या बदलेगा?

 हरिद्वार।  Kumbh Mela 2027 की तैयारियों को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव Anand Bardhan ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सभी परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित Shaheed Bhagat Singh Ghat (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैंप घाट का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर रैम्प, चेंजिंग रूम और स्वच्छ प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इस बार कुंभ के लिए ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत घाटों को हरित पट्टियों, फूलों और पौधों से सजाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य सचिव ने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी पर बन रहे 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिसे कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया गया।

उन्होंने धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान के पुल का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नदी तल से जुड़े कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि जलस्तर बढ़ने से कार्य प्रभावित न हो।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तेजी से काम करना आवश्यक है, ताकि कुंभ 2027 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुचारू व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Related Post