देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों को ‘जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल’ थीम के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
जिले के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन देहरादून में किया जाएगा, जहां 23 मार्च को अपराह्न 12:30 बजे मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इस संबोधन का सजीव प्रसारण राज्य के अन्य 12 जिलों में भी किया जाएगा, ताकि प्रदेशभर के लोग कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकें।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा मिनट-टू-मिनट तय कर उसी के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाई जाएं।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण तथा महिलाओं और युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच स्टॉल स्थापित करने के लिए कहा गया है, ताकि आमजन को मौके पर ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी भी जिलाधिकारी को दी।
तीन दिवसीय यह आयोजन न केवल सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।








