देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अखिल भारतीय शिक्षा समागम के तहत खटीमा में नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय का लोकार्पण किया। इस विद्यालय का निर्माण ₹26.23 करोड़ की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय खटीमा क्षेत्र के छात्रों के लिए एक नई शैक्षणिक क्रांति की शुरुआत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय खटीमा के विद्यार्थियों, विशेषकर सेना और अर्द्धसैनिक बलों के बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि यदि उनके छात्र जीवन में खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो वे स्वयं इसके छात्र होते। उन्होंने बताया कि विधायक रहते हुए उन्होंने विद्यालय की स्थापना के लिए लगातार प्रयास किए, और आज यह सपना साकार हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लागू होने से देश की शिक्षा व्यवस्था में एक नया युग आरंभ हुआ है। यह नीति रोजगारपरक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देती है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड NEP लागू करने वाला देश का पहला राज्य है और अब तक 5600 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में बालवाटिका कक्षाएं शुरू की जा चुकी हैं।
खटीमा में बुनियादी ढांचे के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में हाईटेक बस स्टैंड, अत्याधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का अस्पताल और राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।
इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








