---Advertisement---

अटल आयुष्मान योजना की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार शाम राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता और समग्र व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी स्थिति और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीजों और उनके परिजनों से संवाद करते हुए उन्होंने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को प्रत्यक्ष रूप से समझा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने अस्पताल परिसर में तिमारदारों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि मरीजों के साथ आए परिजन भी व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतीक्षालय (वेटिंग एरिया) में बैठने की समुचित व्यवस्था, पंखे और स्वच्छ पेयजल की सुविधा तुरंत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और सौंदर्यीकरण प्राथमिकता पर होना चाहिए, ताकि मरीजों और परिजनों को मानसिक और शारीरिक रूप से सकारात्मक माहौल मिल सके।

मुख्यमंत्री ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने नमूना संग्रहण प्रक्रिया, रिकॉर्डिंग और लैब टेस्टिंग की जानकारी ली। उन्होंने तकनीकी संसाधनों की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए इसके सतत निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली, लाभार्थियों की सुविधा और क्लेम की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उपस्थित लाभार्थियों से भी उन्होंने सीधे संवाद कर उनके अनुभव सुने। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी के समान है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग सजग और सक्रिय रहें।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post