---Advertisement---

25 अप्रैल से शुरू होगी मकानों की गणना, पहली बार खुद कर सकेंगे ऑनलाइन जनगणना

देहरादून। दीपक कुमार ने जनगणना-2027 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तराखंड में पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 24 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक पहली बार वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए परिवार के मुखिया का नाम और एक मोबाइल नंबर अनिवार्य होगा, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा।

सचिव ने बताया कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण, जिसमें जनसंख्या गणना होगी, 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार पूरी जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए संपन्न की जाएगी।

राज्य में जनगणना कार्य के लिए जिलाधिकारियों और नगर आयुक्तों को प्रमुख जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 23 मास्टर ट्रेनर और 555 फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं, जबकि प्रगणकों का प्रशिक्षण जारी है।

हिमाच्छादित क्षेत्रों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत 11 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक जनगणना की जाएगी। जनगणना-2027 में जातिगत आंकड़े भी शामिल किए जाएंगे, जो इसे और अधिक महत्वपूर्ण बनाता है।

Related Post