---Advertisement---

78 स्थानों पर लाइव दिखेगा बजट भाषण, भाजपा ने बनाई जनसहभागिता की बड़ी योजना

देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी रविवार को प्रस्तुत होने वाले देश के आम बजट को आम जनता तक सीधे पहुंचाने की दिशा में व्यापक पहल करने जा रही है। इस कड़ी में प्रदेश पार्टी मुख्यालय से लेकर मंडल स्तर तक कुल 78 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्रीय बजट भाषण का लाइव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा और सुना जाएगा। पार्टी का उद्देश्य बजट को केवल संसद तक सीमित न रखते हुए आमजन की सहभागिता के साथ जनसंवाद का विषय बनाना है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय बजट प्रस्तुतीकरण का दिन प्रदेश और देश दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि आम लोग भी सरकार की आर्थिक नीतियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी घोषणाओं को सीधे समझ सकें। इसी उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बजट अवलोकन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस मुख्य कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बजट भाषण का सीधा प्रसारण देखेंगे। इसके साथ ही प्रदेशभर में विधानसभा एवं मंडल स्तर पर 78 स्थानों पर आम जनता के साथ मिलकर बजट भाषण सुना जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इससे बजट को लेकर जनजागरूकता बढ़ेगी और लोगों को सरकार की प्राथमिकताओं की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बजट प्रस्तुतीकरण के बाद पार्टी द्वारा विभिन्न पत्रकार वार्ताओं और गोष्ठियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल को सौंपी गई है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्रीय बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आम जनता की आकांक्षाओं, देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि आगामी वित्तीय वर्ष में सरकार की योजनाओं से आम नागरिकों को मिलने वाले लाभ पर खुली चर्चा हो। साथ ही यह भी जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक यह समझे कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में उसकी क्या भूमिका है।

Related Post