चारधाम यात्रा: अब तक 27.93 लाख श्रद्धालु पहुंचे बदरीनाथ-केदारनाथ धाम
देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष **हेमंत द्विवेदी** ने मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण की प्रगति की जानकारी दी और कर्मचारियों के *वन टाइम सेटलमेंट*, श्री त्रियुगीनारायण को *वेडिंग डेस्टिनेशन* के रूप में विकसित करने सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बीकेटीसी अध्यक्ष के आग्रह पर अस्थायी कर्मचारियों के *वन टाइम सेटलमेंट* की प्रक्रिया को तेज करने के लिए शासन को निर्देश देने का आश्वासन दिया।![]()
![]()
![]()
द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष मई-जून में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने धामों में दर्शन किए। हालांकि, बारिश और आपदा के कारण यात्रा प्रभावित हुई, लेकिन प्रदेश सरकार की तत्परता से मार्गों को सुचारू किया गया। उन्होंने कहा कि बीते शनिवार 6 सितम्बर से यात्रा लगातार जारी है। मात्र तीन दिनों में **श्री बदरीनाथ धाम में 8,421 और श्री केदारनाथ धाम में 17,770** तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।
अब तक के आंकड़ों के अनुसार, **बदरीनाथ धाम में 12,99,880 और केदारनाथ धाम में 14,93,170** श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यानी कपाट खुलने के बाद से कुल **27,93,050 तीर्थयात्रियों** ने दोनों धामों के दर्शन किए हैं। श्राद्धपक्ष को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत श्री त्रियुगीनारायण को *वेडिंग डेस्टिनेशन* बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए रखरखाव, सौंदर्यीकरण और अनुदान की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने **सीमा माता मंदिर (चाई, जोशीमठ)** के जीर्णोद्धार, बीकेटीसी के लिए देहरादून में कार्यालय हेतु भूमि उपलब्ध कराने और आपदा की स्थिति में पूजा सामग्री धामों तक पहुंचाने के लिए *हेलीकॉप्टर सुविधा* की मांग भी रखी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने द्विवेदी की सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।








