---Advertisement---

भाजपा का चुनावी रोडमैप तैयार, जीत की संभावना बनेगी टिकट का पैमाना

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की नई संगठनात्मक संरचना के गठन के बाद प्रदेश कोर कमेटी की पहली अहम बैठक 14 फरवरी को आयोजित की जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि यह बैठक पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रसाद नड्डा के मार्गदर्शन में संपन्न होगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि कोर कमेटी की यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें पार्टी के वर्तमान कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना तय की जाएगी। खासतौर पर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए विधानसभा स्तर पर “विकास रथ” चलाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा, जिससे डबल इंजन सरकार के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है और जनता के बीच किस तरह पार्टी अपनी बात रखेगी, इस पर भी बैठक में अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जिम्मेदारियां तय करने पर भी विचार होगा।

प्रत्याशी चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र भट्ट ने साफ शब्दों में कहा कि जीत की संभावना ही टिकट वितरण का एकमात्र आधार होगी। उन्होंने बताया कि सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को अपनी-अपनी विधानसभा में पूरी तरह फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन और सरकार के कार्यों को क्षेत्र में मजबूती से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जीत की संभावनाएं और अधिक सशक्त हों।

उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के पास दो राज्य और दो केंद्र स्तर के कुल चार सर्वे हैं, जिनमें से एक सर्वे रिपोर्ट सामने आ चुकी है। इसके अनुसार भाजपा पहले से अधिक सीटें जीतने की स्थिति में दिखाई दे रही है। अन्य सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को फीडबैक दिया जा रहा है, ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें। कुल मिलाकर, पार्टी पूरी रणनीति के साथ 2027 की चुनावी तैयारी में जुट चुकी है।

 

Related Post