रामगढ़ । झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को लेकर भाजपा रामगढ़ जिला द्वारा होटल शिवम इन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि 15 नवंबर केवल झारखंड के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। इसी दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पड़ती है, जिन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सिर्फ आदिवासी समाज के नायक नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए वीरता, संस्कृति और संघर्ष की प्रतीक प्रेरणा हैं। अंग्रेजों के विरुद्ध उनका आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
राकेश प्रसाद ने बताया कि भाजपा पूरे देश में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में भव्य तरीके से मना रही है। इस वर्ष 150वीं जयंती होने के कारण विभिन्न राज्यों में विशेष कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना भी 15 नवंबर को इसलिए की गई, ताकि इसका संबंध भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस से जुड़ सके। यह महत्वपूर्ण निर्णय अटल बिहारी वाजपेयी सरकार द्वारा लिया गया था। अटल जी ने जनजाति मंत्रालय की स्थापना कर आदिवासी समाज के विकास को नई दिशा दी और संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया।
उन्होंने कहा कि आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन शर्मा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय — तीनों जनजातीय समाज से आते हैं, जो भाजपा की समावेशी नीतियों का प्रमाण है।
राकेश प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 से 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। 2014 से पहले जहाँ मात्र 123 एकलव्य विद्यालय थे, आज इनकी संख्या बढ़कर 715 हो गई है, जिनमें 17 लाख से अधिक छात्र अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम आदर्श ग्राम योजना के बजट को 40,000 करोड़ से बढ़ाकर 1,24,000 करोड़ किया गया है। झारखंड में रघुवर दास सरकार द्वारा बनाई गई प्रिमिटिव ट्राइब बटालियन से सैकड़ों परिवारों को रोजगार मिला। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो जनजातीय समाज के निरंतर उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
प्रेस वार्ता में राजू चतुर्वेदी, विजय जायसवाल, कुमेल उरांव, प्रिया करमाली, संजीव कुमार बबला, सरदार अनमोल सिंह, शंकर करमाली, राजीव पामदत्त, प्रवीण कुमार सोनू और सोनू कुमार शौर्य सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।








