अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिप्टो एक्सचेंज बिनांस के संस्थापक चांगपेंग झाओ (CZ) को क्षमादान देकर वैश्विक क्रिप्टो उद्योग को चौंका दिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेवि ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को झाओ के क्षमादान संबंधी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए झाओ को पूरी तरह माफ कर दिया। लेविट ने कहा, “बाइडेन प्रशासन ने बिना ठोस साक्ष्यों के झाओ पर कार्रवाई की थी। यह कदम क्रिप्टो उद्योग को दंडित करने की राजनीतिक जिद का हिस्सा था।”
झाओ को पहले अमेरिका में मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित मामले में चार महीने की जेल की सजा मिली थी। बिनांस पर 4 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया गया था, जबकि झाओ ने 5 करोड़ डॉलर का जुर्माना भरने पर सहमति जताई थी। ट्रंप के क्षमादान के बाद झाओ को बिनांस पर फिर से सीधा नियंत्रण मिल गया है।
झाओ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैं राष्ट्रपति ट्रंप का आभारी हूं, जिन्होंने न्याय, नवाचार और निष्पक्षता की भावना को बनाए रखा। अब हम अमेरिका को क्रिप्टो की राजधानी बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।”
ट्रंप ने इससे पहले भी कई हाई-प्रोफाइल लोगों को माफी दी है, जिनमें पूर्व गवर्नर रॉड ब्लागोजेविच, हिप-हॉप स्टार लिल वेन और पूर्व सांसद जॉर्ज सैंटोस शामिल हैं। मार्च में उन्होंने क्रिप्टो एक्सचेंज बिटमेक्स के तीन सह-संस्थापकों को भी माफी दी थी।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, बिनांस के वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल से गहरे संबंध हैं, जिसने ट्रंप परिवार के कई क्रिप्टो प्रोजेक्ट्स को प्रबंधित किया है। बिनांस ने हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के करीबी लॉबिस्ट चार्ल्स मैकडॉवेल को भी नियुक्त किया है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, झाओ फिलहाल दुनिया के 31वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जिनकी संपत्ति करीब 55 अरब डॉलर आंकी गई है। ट्रंप के इस फैसले के बाद अमेरिकी क्रिप्टो उद्योग में नई हलचल देखी जा रही है।








