रामगढ़। रामगढ़ नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का रामगढ़ आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को भाजपा समर्थित प्रत्याशी के लिए अहम माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबूलाल मरांडी का आगमन अरगड्डा में संध्या 4:00 बजे, चैनगड्डा में सायं 5:30 बजे और दिगवार में रात्रि 7:00 बजे होगा। इस दौरान वे रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र से भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रिया कुमारी के समर्थन में जनसभा और जनसंपर्क कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार मरांडी अपने संबोधन में विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दों को प्रमुखता देंगे। वे नगर परिषद की जनता से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके दौरे से चुनावी माहौल में नई ऊर्जा आएगी और संगठन को मजबूती मिलेगी।
मरांडी के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय स्तर पर जनसभाओं को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह दौरा रामगढ़ नगर परिषद चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।








