---Advertisement---

सीमित संसाधनों से बड़ी सफलता! तुषार चौहान ने पास की IAS परीक्षा, हेमंत डे बने चार्टर्ड अकाउंटेंट

रुड़की। रुड़की क्षेत्र के दो होनहार युवाओं की बड़ी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्राम अत्मलपुर बौंगला निवासी अनुज चौहान के पुत्र तुषार चौहान ने देश की प्रतिष्ठित UPSC Civil Services Examination उत्तीर्ण कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

तुषार चौहान की सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठोर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा देने का काम किया है।

तुषार चौहान की उपलब्धि को लेकर उनके परिवार में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उनके पिता अनुज चौहान और माता प्रतिभा चौहान के साथ ही चाचा नीरज चौहान और ताऊ संजीव चौहान भी इस सफलता पर बेहद खुश हैं। वरिष्ठ पत्रकार शिवकुमार चौहान ने बताया कि तुषार बचपन से ही प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं और उनकी मेहनत तथा आत्मविश्वास देखकर पहले से ही उनके सफल होने की उम्मीद थी।

इसी तरह रुड़की के एक अन्य होनहार छात्र हेमंत डे ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित आईसीएआई फाइनल जनवरी 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का गौरव हासिल किया है। हेमंत डे गणेशपुर, रुड़की निवासी कमल चंद्र डे के पुत्र हैं।

हेमंत डे की इस सफलता से उनके परिवार और पूरे शहर में खुशी का माहौल है। उनका मानना है कि कठिन परीक्षाओं में सफलता केवल पढ़ाई से नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, त्याग और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने लगातार प्रयास कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

रुड़की के लोगों ने दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Post