---Advertisement---

ऑपरेशन स्माइल में बड़ी सफलता: देहरादून से लापता दो नाबालिग सकुशल बरामद

देहरादून। राज्यभर में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल के तहत देहरादून पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना बसंत विहार क्षेत्र से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में देर रात परिजनों ने बसंत विहार थाने में अपने दो नाबालिग बच्चों के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना स्तर पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश के लिए आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और आसपास के अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही बच्चों के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। गुमशुदा बच्चों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित की गई, जिससे तलाश अभियान को गति मिली।

लगातार प्रयास और सूझबूझ के साथ की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने दोनों नाबालिग बच्चों को नंदा की चौकी, प्रेमनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा बच्चों की तलाश में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Related Post