---Advertisement---

सड़कों से सौंदर्यीकरण तक: देहरादून में विकास कार्यों का बड़ा आग़ाज़

देहरादून। राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून के वार्ड संख्या 05 धोरणखास में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन जनहितकारी योजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री जोशी ने कहा कि वार्ड 05 धोरणखास में जिन विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, उनके पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार हो सके।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित सर्वोपरि रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। पार्षद अल्पना राणा ने कहा कि धोरणखास क्षेत्र में लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।

इस मौके पर पार्षद सुरेंद्र राणा, निरंजन डोभाल, आशीष थापा, अनुज कौशल, सूर्य प्रकाश फरासी, महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़, संजय नौटियाल, भूपेंद्र सोलंकी, अजय कार्की, संबंधित सोसाइटी के अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

Related Post