देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध जासूस को गिरफ्तार कर एक संभावित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप (29) के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों के संपर्क में था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के निर्देशों पर काम कर रहा था।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी देहरादून स्थित संवेदनशील स्थानों, जैसे इंडियन मिलिट्री एकेडमी, पुलिस मुख्यालय और आईएसबीटी की जियो-टैग तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था। इन सूचनाओं का इस्तेमाल देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता था।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी को सोशल मीडिया के माध्यम से फंसाया गया था और उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का लालच दिया गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
यह गिरफ्तारी इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी का देहरादून दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में समय रहते इस साजिश का खुलासा होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।








