लालकुआं। बिंदुखत्ता में लोक गायक और कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत के संवाहक स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा की द्वितीय पुण्यतिथि पर जन जागृति संस्कृति कला समिति द्वारा दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रखते हुए खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जिले की कई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, नवीन तोलिया और हरेन्द्र बोरा मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच की ओर ले जाते हैं।
स्वर्गीय प्रहलाद मेहरा के पुत्र और लोक गायक कमल मेहरा ने कहा कि उनके पिता ने जीवनभर कुमाऊं की लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि परिवार आज भी उन्हीं आदर्शों पर चलकर समाज में सांस्कृतिक चेतना फैलाने का प्रयास कर रहा है।
समाजसेवी एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नीरज मेहरा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि युवा खेल मैदान में सक्रिय रहेंगे तो उनका ध्यान अपने स्वास्थ्य और भविष्य पर केंद्रित रहेगा। इससे वे नशे, मोबाइल की लत और अन्य सामाजिक बुराइयों से स्वतः दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत माध्यम है।
टूर्नामेंट के दौरान खेल प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजन ने न केवल स्व. प्रहलाद मेहरा को श्रद्धांजलि दी, बल्कि युवाओं के बीच सकारात्मक सामाजिक संदेश भी पहुंचाया।








