---Advertisement---

लखनऊ में बड़ी मुलाकात: चारधाम यात्रा को लेकर हेमंत द्विवेदी की राज्यपाल और सीएम योगी से अहम चर्चा

सुबह सूचना।
देहरादून/लखनऊ।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा सहित श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए औपचारिक आमंत्रण भी दिया।

बैठक के दौरान तीर्थाटन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बीकेटीसी अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी संवाद किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से विधिवत प्रारंभ हो रही है, जिसे लेकर राज्य सरकार और मंदिर समिति व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई वार्ता में हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में श्री केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। वहीं, श्री बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे, जबकि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ खुलेंगे। इन तिथियों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह मुलाकात धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Post