देहरादून। सचिवालय सभागार में मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी निकायों में कूड़ा संग्रहण, सेग्रीगेशन और प्रोसेसिंग की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कूड़े का सोर्स सेग्रीगेशन यानी घरों से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। इससे कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल होगी। जिन क्षेत्रों में कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट की आवश्यकता है, वहां शीघ्र भूमि चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि कूड़ा उठाने वाले वाहनों, चालकों और कर्मचारियों की निगरानी के लिए जीपीएस आधारित प्रणाली लागू की जाए। साथ ही ड्यूटी और वेतन से जुड़ी ऑटोमेटेड प्रणाली पर भी गंभीरता से कार्य करने को कहा गया।
शहरी विकास सचिव को निर्देशित किया गया कि जिन निकायों में मशीनरी और उपकरणों की कमी है, वहां तत्काल संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। आधुनिक तकनीकों को अपनाकर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को अधिक प्रभावी बनाने की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि देहरादून में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जीपीएस आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग का ट्रायल शुरू हो चुका है। इस व्यवस्था के तहत अधिकारी वाहनों की लोकेशन और समय पर निगरानी कर सकेंगे, वहीं आम नागरिक भी वाहन की स्थिति देख सकेंगे और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे।








