---Advertisement---

कपाट बंद होने से पहले बड़ा आयोजन: बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का सम्मान और पुस्तक विमोचन

श्री बदरीनाथ धाम में शीतकाल हेतु कपाट बंद होने की पूर्व संध्या पर एक गरिमामयी और भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों को डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत द्वारा भव्य सम्मान प्रदान किया गया। यह समारोह बीकेटीसी कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित हुआ।

डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारियों ने बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण तथा समिति के मुख्य कार्याधिकारी/कार्यपालक मजिस्ट्रेट विजय प्रसाद थपलियाल सहित अन्य सदस्यों को शाल, अंगवस्त्र और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने वर्ष 2025 की यात्रा व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि बीकेटीसी ने इस बार यात्रा संचालन, सुरक्षा, सुविधाओं और दर्शन व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से बेहतर किया है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को सरल, सुरक्षित और सुगम दर्शन प्राप्त हुए। उनकी यात्रा योजनाओं और प्रबंधन कौशल की सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि बदरीनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का अद्भुत संगम है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों, स्थानीय प्रशासन एवं तीर्थ पुरोहित समाज के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष यात्रा को सफलतापूर्वक संचालित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर उन्होंने डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत का आभार व्यक्त किया।

समारोह में एक विशेष आकर्षण लेखिका किरण पुरोहित “हिमपुत्री” की पुस्तक ‘मेरे प्रभु बद्रीविशाल’ का विमोचन रहा। पुस्तक में बद्रीनाथ धाम की आध्यात्मिकता, परंपराओं और भगवान बद्रीविशाल की कृपा भावनात्मक शैली में वर्णित है।

इस दौरान बीकेटीसी सदस्य महेंद्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान, धीरज मोनू पंचभैया, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, दिनेश डोभाल, नीलम पुरी, भास्कर डिमरी सहित डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के कई पदाधिकारी तथा मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ मौजूद रहे।

Related Post