देहरादून। राजधानी देहरादून में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोकीन की तस्करी से जुड़े एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.77 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की गई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दिल्ली से उसके सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र में जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ की सप्लाई के लिए क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जावेद आलम पुत्र मुस्तफा निवासी देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में जावेद आलम ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। उसने बताया कि वह देहरादून में आयोजित होने वाली बड़ी पार्टियों और कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं को कोकीन की सप्लाई करता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसे यह मादक पदार्थ दिल्ली निवासी जॉन उर्फ जोसेफ नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था।
आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में दबिश दी और जॉन उर्फ जोसेफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चैन का भी खुलासा किया जा सकता है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई राजधानी में सक्रिय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट मानी जा रही है।








