देहरादून। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने यूपीसीएल के अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान कार्यों में अपेक्षित गति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक चल रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर सड़क खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा अव्यवस्थित रूप से पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सड़क किनारे फैले निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि रोड कटिंग समिति की शर्तों का पूर्ण पालन करते हुए आगामी पांच दिनों के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों और मशीनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 500-500 मीटर के पैच बनाकर तेजी से कार्य पूरा करने को कहा। साथ ही कार्य समाप्त होने के बाद सड़क पुनर्स्थापन के लिए मार्गों को तत्काल लोक निर्माण विभाग को सौंपने के निर्देश दिए, ताकि मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।
डॉ. आशीष चौहान ने यूपीसीएल को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। उन्होंने गैल द्वारा गैस पाइपलाइन कार्यों के बाद सड़कों को नियमानुसार लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने तथा मानसून से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करेगा और तय समयसीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








