नैनीताल। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सप्ताहांत के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत भवाली और भीमताल क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्जन और शटल सेवा की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखा जा सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगे। अन्य वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार भवाली के मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है या उन्हें वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
इसी तरह कैंची धाम मंदिर जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। भीमताल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। इसके बाद वहां से यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।
दूसरी ओर नैनीताल और गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम की पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे वे आसानी से कैंची धाम तक पहुंच सकें।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक योजना का पालन करें और सहयोग बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।








