आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को शनिवार को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ की टीम ने एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी शंकर कनौजिया को मार गिराया।
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था/एसटीएफ) अमिताभ यश ने जानकारी दी कि वाराणसी एसटीएफ यूनिट को इनपुट मिला था कि शंकर कनौजिया किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है और इस समय जहानागंज क्षेत्र में छिपा है। सूचना मिलते ही टीम ने उसे चारों ओर से घेर लिया। जवाबी फायरिंग में शंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शंकर कनौजिया का आपराधिक इतिहास बेहद खतरनाक रहा है। वह 2011 में दोहरीघाट क्षेत्र में एक डकैती के दौरान विंध्याचल पांडे की हत्या में शामिल था, और तभी से फरार चल रहा था। इसके बाद भी वह लगातार लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा। जुलाई 2024 में उसने महाराजगंज के निवासी शैलेंद्र सिंह का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी। इन मामलों को देखते हुए वाराणसी के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹1 लाख का इनाम घोषित किया था।
मुठभेड़ के बाद एसटीएफ टीम को शंकर के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। इनमें एक नाइन एमएम कारबाइन, एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, एक खुखरी, आठ जिंदा कारतूस और चार खाली कारतूस शामिल हैं।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को राज्य में अपराध पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और साथियों की तलाश में जुट गई है।








