---Advertisement---

4.5 लाख श्रद्धालु तैयार, क्या पूरी हैं केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाएं? मंत्री ने दिए बड़े निर्देश

रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही केदारनाथ धाम यात्रा के मद्देनजर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जनपद प्रभारी गणेश जोशी ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए कि 20 अप्रैल तक सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।

बैठक में मंत्री ने यात्रा मार्ग की स्थिति, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भूस्खलन और भू-धंसाव संभावित क्षेत्रों जैसे नरकोटा, गुप्तकाशी और चंद्रापुरी में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों के पैचवर्क, डामरीकरण, क्रैश बैरियर और साइनेज जैसे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, रैन शेल्टर, नेटवर्क कनेक्टिविटी और आपातकालीन सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। घोड़ा-खच्चर संचालन के लिए पंजीकरण, बीमा और पशु चिकित्सा व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर चर्चा करते हुए केदारनाथ अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती, एक्स-रे और ईसीजी जैसी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और महिला सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा के लिए 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों, होटल संचालकों और सेवा प्रदाताओं से ‘अतिथि देवो भव’ की भावना के साथ यात्रियों का स्वागत करने और निर्धारित दरों पर सेवाएं देने की अपील की।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार यात्रा नए रिकॉर्ड बना सकती है और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम यात्रा अनुभव दिया जाएगा।

Related Post