नई दिल्ली, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग न करें और सामान्य तरीके से ही बुकिंग कराएं।
शनिवार को नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन अभी तक देश में एलपीजी स्टॉक की कमी की कोई सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में लोगों द्वारा पैनिक बुकिंग के मामले काफी बढ़े हैं। शुक्रवार को साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग लगभग 76 लाख थी, जो बढ़कर करीब 88 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि इतनी अधिक संख्या में बुकिंग होने के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
सुजाता शर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए लोगों को कहीं लाइन में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। तेल कंपनियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं को ऑनलाइन और डिजिटल बुकिंग के लिए जागरूक करें।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए उन्हें पाइप्ड नैचुरल गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के उद्योगों, होटलों और रेस्तरां को एक महीने के लिए कोयला और लकड़ी के सीमित उपयोग की अनुमति दी है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी और सरप्राइज निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर और उचित मूल्य पर एलपीजी उपलब्ध हो सके।








