रामगढ़ जिले में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ठंड से राहत के लिए अलाव की व्यवस्था की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य आमजन, खासकर जरूरतमंदों और रात में बाहर रहने वाले लोगों को कड़ाके की ठंड से बचाव प्रदान करना है।
इसी क्रम में शुक्रवार को रामगढ़ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव जलाए गए। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों के मुख्य चौराहों पर भी अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से जारी रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि ठंड के मौसम में किसी भी क्षेत्र में लोगों को परेशानी न हो। खास तौर पर बस स्टैंड, बाजार क्षेत्र, अस्पताल परिसर और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की निगरानी करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि ठंड की तीव्रता को देखते हुए यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे राहत भरा कदम बताया है।








