देहरादून। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन श्री मुकेश अंबानी ने हाल ही में श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की और इन धामों के चहुंमुखी विकास के लिए 10 करोड़ रुपये का दान दिया।
श्री अंबानी के धाम आगमन पर श्री बदरीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। उन्हें पहाड़ी टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया। द्विवेदी ने बताया कि अंबानी परिवार वर्षों से भगवान बदरीनाथ और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था रखता है और हर साल इन पवित्र धामों में दर्शन करने पहुंचता है।
दर्शन के बाद श्री मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी अध्यक्ष से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का संचालन बेहद सुव्यवस्थित और आधुनिक तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले 20 सालों से उत्तराखंड आ रहा हूँ, लेकिन ऐसी सुंदर और सुरक्षित व्यवस्थाएँ मैंने कभी नहीं देखीं। यह वास्तव में ऐतिहासिक परिवर्तन है।”
अंबानी ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए बनाए गए ठहराव स्थल, स्वास्थ्य सुविधाएँ, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधन देश के अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी मिसाल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री धामी का आस्था के प्रति दृष्टिकोण ‘मास्टर प्लान आधारित विकास’ का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धा और पर्यावरण—दोनों का संतुलन है।
उद्योगपति ने आगे कहा कि हाल के दिनों में उत्तराखंड में बादल फटने और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान को लेकर वे गहरा दुख महसूस करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिलायंस फाउंडेशन हर समय उत्तराखंड सरकार और लोगों के साथ खड़ा रहेगा। “जब भी जरूरत होगी, हम उत्तराखंड की मदद के लिए तैयार हैं,” उन्होंने कहा।
अंबानी ने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा में लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर रहे हैं, जिससे यह साफ है कि राज्य सरकार की नीतियाँ पूरी तरह से जन-केंद्रित और दूरदर्शी हैं। उन्होंने कहा कि अगले 10 वर्षों में उत्तराखंड में तीर्थ यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ेगी, और इसके लिए अभी से जो काम हो रहा है, वह भविष्य में प्रदेश को धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाएगा।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अंबानी परिवार का योगदान केवल आर्थिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है। उन्होंने कहा, “अंबानी परिवार ने वर्षों से बदरीनाथ-केदारनाथ के सौंदर्यीकरण में सहयोग दिया है। उनकी श्रद्धा इन धामों के प्रति अटूट है।”
गौरतलब है कि इस बार श्री मुकेश अंबानी ने 10 करोड़ रुपये की दानराशि दी है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुनी है। पहले वे 5 करोड़ रुपये का दान देते थे। यह राशि मंदिरों के विकास, सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में उपयोग होगी।
अंत में श्री अंबानी ने कहा कि चारधाम यात्रा अब केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान बन चुकी है, और उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य आने वाले वर्षों में पर्यटन और धार्मिक आस्था का विश्व स्तरीय केंद्र बनेगा।








