हरिद्वार। कनखल के भाजयुमो और गुरुकुल छात्र नेता **अमरदीप चौधरी हत्याकांड** में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या के मुकदमे की पैरवी कर रही उनकी भाभी **शैफाली चौधरी** की हत्या की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में बाप-बेटे समेत चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार** किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि **रामनगर कोर्ट परिसर गेट नंबर-2** के पास सिल्वर रंग की एक स्विफ्ट कार में पांच युवक अवैध हथियारों के साथ बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक **दीप कुमार** और उप निरीक्षक **मुनव्वर हुसैन** के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने लगे, लेकिन पीछा कर चार आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में **मनीकांत शर्मा** निवासी मेरठ, **हर्षदीप चौधरी** पुत्र राजकुमार निवासी राहवती (मेरठ), **राजकुमार** पुत्र कालूराम सिंह निवासी राहवती (मेरठ) और **अनुज** पुत्र रणवीर सिंह निवासी झिझाड़पुर (मेरठ) शामिल हैं। उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचे और कुल **11 जिंदा कारतूस** बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का एक साथी **पवन कुमार** निवासी मुजफ्फरनगर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी **अमरदीप चौधरी हत्याकांड** में पहले से ही नामजद हैं। मुख्य आरोपी **हर्षदीप चौधरी** और उसके पिता **राजकुमार** जमानत पर जेल से बाहर आए थे। उन्होंने मेरठ से बदमाश बुलाकर अमरदीप की भाभी शैफाली की हत्या की योजना बनाई थी, ताकि केस की पैरवी कमजोर हो जाए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कोर्ट में अपने हत्या के मुकदमे की तारीख पर आए थे और इसी दौरान शैफाली को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।








