---Advertisement---

एयरफोर्स संभालेगी चिन्यालीसौड़–गौचर हवाई पट्टियां, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट विस्तार पर 450 करोड़ खर्च

उत्तराखंड में हवाई सेवाओं का विस्तार, AAI और एयरफोर्स मिलकर संभालेंगे संचालन

देहरादून। सीमांत जिलों में हवाई नेटवर्क को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) की हवाई पट्टियों का संचालन भारतीय वायुसेना करेगी, जबकि पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपा जाएगा।

राज्य सरकार और एएआई के बीच एमओयू पर सहमति बन चुकी है। पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के बढ़ते महत्व को देखते हुए सरकार ने इसके विस्तार की तैयारी भी शुरू कर दी है। इस विस्तार पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विस्तार कार्य पूरा होने के बाद यहां बड़ी और अधिक फ्लाइट्स का संचालन संभव होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत जिलों में हवाई सेवाओं का विस्तार न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। इसी क्रम में सरकार ने चिन्यालीसौड़ और गौचर एयरस्ट्रिप को वायुसेना को सौंपने पर सहमति दी है।

इसके साथ ही सरकार गुंजी से आदि कैलाश क्षेत्र को हवाई सेवा से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रही है। यहां लगभग एक किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी बनाई जाएगी। इस परियोजना में भी वायुसेना तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमांत प्रदेश में मजबूत हवाई नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है। इससे जहां स्थानीय जनता को यात्रा में सुविधा मिलेगी, वहीं सामरिक दृष्टि से भी राज्य को मजबूती मिलेगी।

Related Post