हल्द्वानी के कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला किए जाने और खुलेआम हत्या की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर शंकर कुमार भुटियानी पीसीएफ कंपाउंड, धर्मपुरा स्थित जय दुर्गा ट्रांसपोर्ट कार्यालय में अपने भाई से मिलने पहुंचे थे। कार्यालय बंद मिलने पर जब वह अपना वाहन मोड़कर लौट रहे थे, तभी वहां मौजूद गगन सेठी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के विरोध करने पर आरोप है कि गगन सेठी ने किसी ठोस वस्तु से शंकर भुटियानी के सिर पर जोरदार हमला किया, जिसके बाद हाथापाई भी हुई। हमले में पीड़ित का चश्मा टूट गया और बाईं आंख पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके से जाते-जाते सरेआम जान से मारने की धमकी देता गया।
घटना के बाद से पीड़ित और उसके परिजन दहशत में हैं। शंकर भुटियानी ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसे लगातार जान का खतरा बना हुआ है और वह किसी भी समय बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। पीड़ित ने बेस अस्पताल हल्द्वानी में कराए गए मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट पुलिस को सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








