बलिया:बांसडीह कस्बे में बिजली के कार्य के दौरान युवक की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जाम में शामिल महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। हालांकि पुलिस ने जाम हटवा दिया और इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना 29 जुलाई की शाम की है, जब बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 7 निवासी संजीव पांडेय उर्फ लड्डू पांडेय के घर बिजली का घरेलू कार्य कर रहे राकेश शाह (पुत्र सतेन्द्र तुरहा, निवासी वार्ड नंबर 11) करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी बांसडीह ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बांसडीह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहे थे।
इसी बीच कुछ लोगों ने बांसडीह तिराहे पर जाम लगा दिया और शव लेकर जा रही गाड़ी को रोक दिया। परिजनों को भी भीड़ में शामिल कर लिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी। पुलिस ने तत्काल परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
इसके बावजूद मुआवजे की मांग को लेकर भीड़ उग्र हो गई। काफी समझाने के बावजूद जब लोग नहीं माने, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। लाठीचार्ज के दौरान भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं को भी पीटा।
**एएसपी अनिल झा** ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। बाद में लोगों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया। शव को परिजनों को सौंपकर पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है।








