सुबह सूचना
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami शुक्रवार को जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि स्थित ग्राम बीरों देवल में आयोजित मां चंडिका महावन्याथ देवरा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने मां चंडिका मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महायज्ञ में भाग लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां चंडिका मंदिर प्रांगण एवं मंदिर समूह का पुरातत्व विभाग के माध्यम से पुनर्निर्माण कराए जाने की घोषणा की। साथ ही तहसील बसुकेदार में नए तहसील भवन निर्माण की भी घोषणा की गई। उन्होंने आयोजन स्थल को धार्मिक एवं आध्यात्मिक संगम का प्रतीक बताते हुए कहा कि 20 वर्षों बाद आयोजित यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में विधायक भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
20 वर्षों बाद आयोजित दिवारा यात्रा
मां चंडिका की दिवारा यात्रा 21 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होकर लगभग 26 गांवों के भ्रमण पर रही। बीरों देवल, संगूड़, नैणी पौण्डार, पाली, भटवाड़ी, डांगी, कौशलपुर सहित कई गांवों में श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। यह दिवारा यात्रा 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है।
यात्रा के अंतर्गत बीरों देवल में 15 फरवरी से नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 22 फरवरी 2026 को विशाल जलयात्रा और 24 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति के साथ महावन्याथ यात्रा का समापन होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ प्रदेश में सांस्कृतिक चेतना को भी सुदृढ़ करते हैं।








