---Advertisement---

न्याय व्यवस्था सुधार पर अधिवक्ताओं ने जताया भरोसा, सीएम धामी से शिष्टाचार भेंट में रखे कई सुझाव

देहरादून:  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी  से मुख्यमंत्री आवास में  बार एसोसिएशन देहरादून  के अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के चार वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा न्यायिक व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में कई सकारात्मक पहलें की गई हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की सुरक्षा, न्यायालय परिसरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

भेंट के दौरान नई आपराधिक संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया कि नई संहिताओं के लागू होने से न्याय व्यवस्था अधिक त्वरित, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनेगी। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि न्याय प्रणाली की सफलता के लिए बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है और न्यायालयों में डिजिटल सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा विधिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपेक्षा जताई कि वे नई कानूनी व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि आम जनता को समयबद्ध और सुलभ न्याय मिल सके।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने न्यायिक तंत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और दोनों पक्षों ने न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

Related Post