देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित और सुचारू बनाए रखना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। इसके बाद 13 जून को वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेंगी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, संचार, बिजली, पेयजल और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
डीएम ने विशेष रूप से राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, संचार नेटवर्क और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण किया जाए ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भ्रमण मार्गों की निगरानी, यातायात संचालन और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति जैसे उच्च संवैधानिक पदाधिकारी के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और उपजिलाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।








