देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब तीन लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत 20 फरवरी 2026 को ऋषिकेश क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास दून इंस्टीट्यूट के निकट पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध नशे के साथ मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर अनूप कंडियाल (27 वर्ष), निवासी गढ़ी मयचक, श्यामपुर, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.51 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ **कोतवाली ऋषिकेश** में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।








