बहादराबाद। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक सरेराह राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था और गाली-गलौज के साथ हंगामा खड़ा कर रहा था, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर गैर समुदाय के लोगों के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहा है और लोगों को परेशान कर रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि गुरजीत सिंह कश्यप (21 वर्ष), निवासी भारापुर भौरी, कोतवाली बहादराबाद, राहगीरों के साथ अभद्रता कर रहा था। पुलिस ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।








