---Advertisement---

गोला में निकली अनोखी शौर्य यात्रा: आखिर क्यों गूँजता रहा जय श्री राम?

गोला (रामगढ़)। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल द्वारा रविवार को गीता जयंती एवं शौर्य दिवस के अवसर पर भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में हुए बाबरी ढांचा विध्वंस के दौरान बलिदान हुए कोठारी बंधुओं और अन्य कारसेवकों की स्मृति को समर्पित था। कार्यक्रम का शुभारंभ एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय गोला में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में बजरंगियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह संघचालक चंद्र बहादुर सिंह, विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार और जिला मंत्री छोटू वर्मा उपस्थित थे। मंचासीन अतिथियों ने श्रीराम दरबार और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

संघ के जिला सह संघचालक चंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कोठारी बंधुओं और अनगिनत कारसेवकों के बलिदान के बाद ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी गौरवपूर्ण यात्रा का शताब्दी वर्ष मना रहा है। 1925 में आद्य सरसंघचालक ने असंगठित हिंदू समाज को संगठित करने का जो संकल्प लिया था, वह आज अनेक अनुसांगिक संगठनों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के रूप में फल-फूल रहा है।

विहिप प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार ने गीता जयंती और 6 दिसंबर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबरी ढांचा विध्वंस उसी दिन हुआ था, इसलिए हर वर्ष गीता जयंती पर शौर्य दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि श्रीराम जानकी रथ यात्रा को सुरक्षा न मिलने पर संत समाज के आह्वान पर ही बजरंग दल की स्थापना हुई थी। समय के साथ वह सपना साकार हुआ और आज अयोध्या में विश्व का सबसे भव्य राम मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल चुका है, जहाँ प्रतिदिन लाखों लोग दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

मनोज पोद्दार ने युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प लेने की प्रेरणा देते हुए कहा कि देश तभी समर्थ और शक्तिशाली बन सकता है जब युवा नशे से मुक्त हों। उन्होंने कहा कि “हिंदू जगेगा तभी हिंदू बचेगा, नहीं तो हिंदू बंटेगा और हिंदू कटेगा।” उन्होंने समाज, गांव और बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए बजरंग दल और विहिप से जुड़ने का आह्वान किया।

शौर्य यात्रा के दौरान पूरा गोला जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। केसरिया परचमों से पूरा नगर भगवामय दिख रहा था। यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर रजरप्पा मोड़, बीएस रोड, चौक बाजार, कालीनाथ चौक, महतो द्वार, डीवीसी चौक होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहाँ इसका समापन हुआ। अनुशासन, निर्भयता और वीरता के साथ बजरंगी यात्रा में शामिल रहे। इस दौरान पहली बार भगवा ध्वज और सरना झंडे का संगम भी देखने को मिला, जो आपसी सद्भाव का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विहिप सह मंत्री भागीरथी पोद्दार, तरुण वर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, विनय शर्मा, केंदित सरना समिति के जिला अध्यक्ष शिवा मुंडा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Related Post