---Advertisement---

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती पर रांची में संगोष्ठी, नेताओं ने उनके आदर्शों को किया याद

रांची। भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 109वीं जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जी के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलित करके की गई। संगोष्ठी में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, महामंत्री बलराम सिंह, के.के. गुप्ता सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार थे। उनका जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि पंडित जी की परिकल्पना को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में कामयाब हो रहे हैं। रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास करें।

रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि पंडित जी का जीवन सादगी और सेवा का प्रतीक था, और उनका विचार आज भी हर भारतीय के लिए प्रासंगिक है। वहीं, नवीन जयसवाल ने पंडित जी के एकात्म मानववाद की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक उम्मीद की किरण जगाती है।

महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि आज भारत पंडित जी के मार्ग पर अग्रसर है और प्रधानमंत्री मोदी अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतार रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जन–जन तक इन कार्यों को पहुँचाने में सहयोग करें।

संगोष्ठी में सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें सुबोध सिंह गुड्डू, ऊषा पांडेय, प्रेम मित्तल, अरुण झा, अमित कुमार, संजय टोप्पो, राजू सिंह सहित अन्य शामिल थे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।

Related Post