---Advertisement---

मांडर के दर्जीजाड़ी में उमड़ा जनसैलाब: बारह पड़हा माघ जतरा ने बिखेरी आदिवासी संस्कृति की अनूठी छटा

संदीप मिश्रा

मांडर (रांची)। मांडर प्रखंड के दर्जीजाड़ी गांव में पारंपरिक बारह पड़हा माघ जतरा का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन ने क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी परंपरा, सामाजिक एकता और लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया। जतरा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उमड़े, जिससे पूरा इलाका उत्सव के रंग में डूब गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा युवा नेता सन्नी टोप्पो रहे। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। जतरा मैदान में पहान, महतो, कोटवार और धर्म अगुवा पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। मांदर की गूंजती थाप, पारंपरिक गीत और खोड़हा दलों के नृत्य ने पूरे वातावरण को उल्लास और भक्ति से भर दिया। विभिन्न गांवों से आए दलों ने जतरा मैदान की परिक्रमा की, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे।

जतरा को संबोधित करते हुए सन्नी टोप्पो ने कहा कि बारह पड़हा माघ जतरा केवल एक मेला नहीं, बल्कि पूर्वजों की विरासत, सामाजिक अस्मिता और आपसी एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी दर्जीजाड़ी के ग्रामीणों द्वारा अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना सराहनीय है। यह आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ता है और भाईचारे का संदेश देता है।

उन्होंने धर्म अगुवाओं, पहान और महतो को समाज की परंपराओं का वास्तविक संरक्षक बताते हुए उनके सम्मान पर जोर दिया। साथ ही युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी भाषा, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजकर आगे बढ़ाएं।

जतरा केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सामाजिक मेल-मिलाप और संवाद का भी बड़ा मंच बना। विभिन्न पड़हा क्षेत्रों से आए लोगों ने समाज की समस्याओं और विकास पर चर्चा की। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय समिति और स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही।

कार्यक्रम में पड़हा राजा सोहराई उरांव, तेम्बा उरांव, पहान बिरसा उरांव सहित विभिन्न गांवों के पहान, महतो, कोटवार और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष अनूप मिंज, सचिव इंद्रजीत मिंज सहित कई समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post