---Advertisement---

रामगढ़ में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण का महाकुंभ, 14 दिसंबर को लगेगा पर्पल फेयर

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रामगढ़ में आयोजित होने वाले **पर्पल फेयर** की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन 14 दिसंबर को रामगढ़ टाउन हॉल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत किया जा रहा है।

समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केन्द्र, रांची के निदेशक सूर्यमणि प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पर्पल फेयर का उद्देश्य झारखंड के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सहायक उपकरणों का वितरण, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, दिव्यांग कला गैलरी, प्रतिभा प्रदर्शन एवं ओपन मंच की व्यवस्था की गई है।

इसके साथ ही संचालित प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी, दिव्यांग उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पर्पल फेयर में यूडीआईडी कार्ड के पंजीकरण की विशेष सुविधा भी दी जाएगी, जिससे दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मनीष जयसवाल, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी, राज्य निशक्तता आयुक्त अभय नंदन अंबष्ट एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु कुमारी खलखो शामिल होंगे। आयोजन की सफलता को लेकर संबंधित अधिकारी, पुनर्वास कर्मी और शिक्षकगण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

 

Related Post