देहरादून। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में हुए चर्चित वकील सोहेल हसन हत्याकांड का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई शाहिद हसन ही था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर पूरे मामले का पर्दाफाश किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि माता-पिता के हज यात्रा पर जाने के बाद दोनों भाई घर पर अकेले रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय शाहिद हसन नशे की लत का शिकार था और फिजूलखर्ची का आदी बन चुका था। उसने हाल ही में अपने पिता के बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस बात की जानकारी मिलने पर बड़े भाई सोहेल हसन ने उसे फटकार लगाई और कथित रूप से उसकी पिटाई भी की थी। इसी घटना से नाराज शाहिद ने बदला लेने की ठान ली।
आरोपी ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद की और फिर अवैध पिस्टल से अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी। इतना ही नहीं, खुद को संदेह से दूर रखने के लिए वह ग्रामीणों के साथ शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन और चक्काजाम में भी शामिल हुआ।
हालांकि पुलिस की गहन जांच में आरोपी की साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बाथरूम से बरामद पिस्टल, सीसीटीवी से जुड़े तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूतों ने पूरे मामले का सच सामने ला दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप के साथ-साथ हाईवे जाम करने के मामले में भी आरोपी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस खुलासे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है, क्योंकि जिस भाई पर परिवार को भरोसा था, वही अपने बड़े भाई का हत्यारा निकला।







