---Advertisement---

काशीपुर को मिली 25 करोड़ की सौगात, जाम से राहत के लिए शुरू होंगे बड़े प्रोजेक्ट

 खटीमा/काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर क्षेत्र के लिए 25.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रथम चरण में दो महत्वपूर्ण चौराहों के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ननकाना साहिब जाने वाले मार्ग पर स्थित स्टेडियम तिराहे का नाम अब “ननकाना साहिब चौक” रखा जाएगा। इस चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 3.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण के कार्य शुरू किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया है। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ओपन जिम का लोकार्पण किया। साथ ही उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से तैयार प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर का भी उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मजबूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़े परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---