खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड एवं कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है।
जन समस्याओं को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और आम जनता से अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक और पोषण संबंधी लाभ भी प्राप्त होंगे। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से हरित उत्तराखंड के निर्माण का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि जनपद में विशेष अभियान के तहत चार लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।







