रामगढ़। जनगणना 2027 के तहत जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न चरणों की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में लेआउट मैपिंग और हाउस लिस्टिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है। प्रखंडवार प्रगति रिपोर्ट देखने के बाद उपायुक्त ने कार्यों की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने डाटा एंट्री कार्य को पूरी सावधानी के साथ करने और नियमित रूप से गुणवत्ता जांच (क्वालिटी चेक) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहे।
उन्होंने चार्ज पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लेआउट मैपिंग और हाउस लिस्टिंग कार्यों का नियमित सत्यापन करने को कहा। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को भी क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना से संबंधित प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को पारदर्शिता, सटीकता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना 2027 की सफलता सभी संबंधित अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी पर निर्भर करेगी।








