देहरादून। मानसून सीजन के आगमन और डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने व्यापक डेंगू रोकथाम अभियान की शुरुआत कर दी है। जनस्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम परिसर से विशेष लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर की।
नगर निगम द्वारा शुरू किए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को शुरुआती स्तर पर ही नष्ट कर संक्रमण की संभावनाओं को कम करना है। अभियान के प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को शहर के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। ये टैंकर जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक परिसरों तथा अन्य संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर नियमित रूप से छिड़काव और उपचारात्मक कार्य करेंगे।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि यह केवल छिड़काव तक सीमित अभियान नहीं होगा, बल्कि इसके साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। लक्ष्य है कि डेंगू की रोकथाम के लिए निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि डेंगू जैसी मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में समयबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जाए।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपने घरों और आसपास जलभराव न होने देने, पानी की टंकियों को ढककर रखने, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में भी डेंगू नियंत्रण और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।








