देहरादून। रायपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर में 14.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 शैय्यायुक्त नए चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ भी उपस्थित रहे।
विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए भवन का उद्घाटन किया गया। अस्पताल की महिला कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत एवं मांगल गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में ओपीडी, आईपीडी, प्रशासनिक ब्लॉक, जनरल वार्ड, सेमी प्राइवेट वार्ड, प्राइवेट वार्ड, पैथोलॉजी लैब तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह नया चिकित्सालय भवन रायपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और जनहितकारी बनाना है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को शत-प्रतिशत निःशुल्क संस्थागत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि आपातकालीन परिस्थितियों में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में “गोल्डन आवर” के दौरान त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने, बाहर की दवाएं न लिखने तथा गंभीर मामलों को छोड़कर अनावश्यक रेफरल से बचने की अपील की। उन्होंने अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के प्रयास जारी रहने की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने अस्पताल भवन को क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी भविष्य में आवश्यक चिकित्सा उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।








