---Advertisement---

लंबी कतारों से छुटकारा! आभा आईडी से 70% मरीजों ने कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

देहरादून।  मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लागू की गई आभा आईडी प्रणाली मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। जनवरी माह से शुरू हुई इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए मरीज घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर ओपीडी का पर्चा बना सकते हैं।

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। पहले पंजीकरण के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आभा आईडी लागू होने के बाद स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पिछले एक माह में कुल पंजीकरण का लगभग 60 से 70 प्रतिशत ऑनलाइन माध्यम से किया गया है, जिससे अस्पताल में भीड़ और अव्यवस्था कम हुई है।

दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों, खासकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को इस सुविधा से काफी लाभ मिल रहा है। ऑनलाइन पर्चा बनने के बाद मरीज सीधे संबंधित ओपीडी कक्ष में पहुंच जाते हैं, जिससे समय की बचत होती है और अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिलती है।

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आभा आईडी के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण व्यवस्था भी जारी है, ताकि जिन मरीजों के पास अभी डिजिटल सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे भी उपचार से वंचित न रहें।

इस डिजिटल प्रणाली की एक खास बात यह है कि मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से ऑनलाइन संग्रहीत रहता है। हर बार व्यक्तिगत जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं होती और जांच रिपोर्ट व दवाइयों का विवरण भी ऐप पर उपलब्ध रहता है।

ओपीडी में उपचार कराने आई मरीज संगीता बडोला ने बताया कि ऑनलाइन पर्चा सुविधा से उनका समय बच रहा है और उन्हें तय समय पर इलाज मिल पा रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए सरकार और प्रशासन का आभार जताया।

 

Related Post