शहर के शांतिधारा फाउंडेशन, झंडा चौक स्थित परिसर में रामगढ़ महाविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में एसोसिएशन का 18वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व अध्यक्ष, नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के सभी पूर्व अध्यक्षों को पुष्प गुच्छ एवं श्रीमद्भागवतगीता भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्थापना दिवस की खुशी में सभी पदाधिकारियों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
इस मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने विचार साझा किए और संगठन के सशक्त क्रियान्वयन के लिए हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया। एलुमनी को भविष्य में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई रूपरेखा पर भी अहम सुझाव दिए गए। सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन में नए सदस्यों की सदस्यता निःशुल्क होगी।
एलुमनी के संस्थापक श्री सुरेश प्रसाद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल एक एसोसिएशन नहीं, बल्कि एक परिवार है। 18 वर्षों की निरंतर मेहनत का परिणाम है कि यह संगठन आज भी सक्रिय रूप से जनसेवा में जुटा हुआ है। डॉ. शारदा प्रसाद ने कहा कि आज का दिन सभी के लिए विशेष है, क्योंकि यह एसोसिएशन नई जिम्मेदारियों के साथ युवावस्था में प्रवेश कर चुका है।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्षों में श्री सुरेश प्रसाद अग्रवाल, डॉ. बसंत कुमार दांगी, डॉ. शारदा प्रसाद, डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल, श्री नान्हू राम गोयल एवं प्रो. पूर्णकांत कुमार को सम्मानित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष प्रो. प्रणीत कुमार, सचिव डॉ. ताराशंकर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. उमा सेन गुप्ता, सह सचिव मृत्युंजय कुमार सहित कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।








