देहरादून। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबोध उनियाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर नरेश बंसल, कन्हैया लाल पोखरियाल, डॉ. बी. के. एस. संजय समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बी. के. एस. संजय ने बताया कि भारत में हर साल लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने और इसे शिक्षा प्रणाली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को पहाड़ी क्षेत्रों में छह माह के रोटेशन पर सेवाएं देनी होंगी। साथ ही उनके परिवारों के लिए देहरादून और हल्द्वानी में आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नरेश बंसल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण नियमों की अनदेखी है, जिस पर सख्ती जरूरी है। वहीं कन्हैया लाल पोखरियाल ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर भी जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य आपस में जुड़ा हुआ है और संतुलित जीवनशैली, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित जल बेहद जरूरी हैं।








