---Advertisement---

कुपवाड़ा के वीर शहीद के नाम पर स्वीकृत स्टेडियम अब तक अधूरा, जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

लालकुआं।  गौला नदी के बढ़ते कटाव और हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या से परेशान बिंदुखत्ता क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने नदी पर मजबूत और स्थायी तटबंध बनाने के साथ ही शहीद लांस नायक मोहन नाथ गोस्वामी के नाम से स्वीकृत मिनी स्टेडियम का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की अपील की है।

कांग्रेस नेता हेमती नंदन दुर्गपाल के नेतृत्व में बिंदुखत्ता कांग्रेस कमेटी का एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मिला और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गौला नदी में अस्थायी दीवारें बनाकर कटाव रोकने का प्रयास किया जाता रहा है, लेकिन ये उपाय हर बार बाढ़ के दौरान बह जाते हैं, जिससे करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्थायी राहत नहीं मिल पाई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को सुझाव दिया कि मानसून से पहले हाटग्राम (इंद्रनगर) से श्रीलंका टापू और शीशम भुजिया तक स्थायी तटबंध का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही सुरक्षा दीवार की तकनीकी जांच आईआईटी रुड़की से कराने, निर्माण कार्य सिंचाई विभाग को सौंपने और गुणवत्ता की निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति गठित करने की मांग भी की गई।

शिष्टमंडल ने यह भी कहा कि अशोक चक्र विजेता शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर स्वीकृत मिनी स्टेडियम का निर्माण लंबे समय से लंबित है, जिससे क्षेत्र के युवाओं में निराशा है। वर्ष 2015 में कुपवाड़ा में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए मोहन नाथ गोस्वामी की स्मृति में इस स्टेडियम की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर मानसून से पहले तटबंध निर्माण और स्टेडियम कार्य की शुरुआत सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बाढ़ से सुरक्षा और युवाओं को खेल सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर सिंह दानू, महिला ब्लॉक अध्यक्ष मीना कपिल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---